अमर उजाला ब्यूरो
हरदोई। पाली थाना क्षेत्र अंतर्गत रूपापुर में गुरुवार शाम सड़क किनारे हेल्पर का शव पड़ा मिला। आधार कार्ड के जरिये उसकी शिनाख्त हुई है। मृतक के बड़े भाई ने ट्रक चालक पर हत्या कर शव फेंकने का आरोप लगाया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
शाहजहांपुर जनपद के अल्लागंज निवासी शकील (40) घर के पड़ोस में रहने वाले मोनू पुत्र मंसुख के साथ ट्रक से बुधवार शाम घर से निकला था। मोनू ट्रक चालक है और शकील को बतौर हेल्पर साथ ले गया था। गुरुवार शाम पाली थाना क्षेत्र अंतर्गत रूपापुर में सड़क किनारे युवक का शव पड़ा मिला। शव पड़े होने की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने तलाशी ली तो आधार कार्ड मिला। इसके जरिये शाहजहांपुर में पुलिस और मृतक के परिजनों से संपर्क किया गया। गुरुवार देर रात मृतक का भाई सलीम मौके पर पहुंचा। उसने मोनू पर शकील को पीटकर ट्रक से फेंककर हत्या करने का आरोप लगाया है। सलीम का कहना है कि शकील के शव पर कई जगह चोट के निशान हैं। हालांकि हत्या की वजह वह नहीं बता सका। पाली के प्रभारी निरीक्षक रंधा सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
सड़क किनारे मिला हेल्पर का शव
- ट्रक चालक पर पीटकर हत्या करने और शव फेंकने का आरोप