हरदोई। भारतीय जनता पार्टी के अंदर चल रही गुटबाजी फिर सतह पर आ गई है। भाजपा के टिकट पर नगर पालिका परिषद के सभासद चुने गए अजय शर्मा दीपू ने भाजपा के चुनाव चिन्ह पर नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष प्रत्याशी रहे पारुल दीक्षित और उनके साथियों पर बलवा और मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कराई है। देर शाम पारुल दीक्षित के एक समर्थक ने भी अजय शर्मा व उनके करीबियों के विरुद्ध मारपीट व बलवे की रिपोर्ट शहर कोतवाली में दर्ज करा दी।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला बोर्डिंग हाउस के सभासद अजय कुमार शर्मा उर्फ दीपू ने बुधवार को शहर कोतवाली में तहरीर देकर भाजपा नेता पारुल दीक्षित, उनके सहयोगी अतुल सिंह, प्रेम कुमार व पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ मारपीट करने का आरोप लगाया था। पुलिस ने अजय शर्मा का मेडिकल कराया था, लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं की थी। गुरुवार को अजय शर्मा सभी सभासदों और नगर पालिका अध्यक्ष सुखसागर मिश्र मधुर के साथ पुलिस अधीक्षक विपिन कुमार मिश्र से मिले और रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की। दोपहर बाद अजय शर्मा की तहरीर पर पारुल दीक्षित पुत्र इन्द्रभूषण दीक्षित निवासी बोर्डिंग हाउस, अतुल सिंह निवासी अजाद नगर और प्रेम कुमार निवासी बोर्डिग हाउस व उनके पांच अज्ञात साथियों के विरुद्ध बलवा व मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कराई है। उधर दूसरी ओर पारुल दीक्षित के समर्थक राममिलन तिवारी पुत्र श्रीनरायण तिवारी बोर्डिग हाउस कोतवाली शहर ने अजय कुमार शर्मा उर्फ दीपू, रामजी निवासी बाबन चुंगी, करन, शिब्बू और गोलू पुत्रगण अनिल शर्मा बसंतू निवासी बोर्डिंग हाउस, ईशू पुत्र अज्ञात निवासी बोर्डिंग हाउस व अंकुर पुत्र अज्ञात निवासी बोर्डिंग हाउस के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई है। उन्होंने भी बलवा और मारपीट की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उधर दूसरी ओर एसपी विपिन कुमार मिश्र का कहना है कि मामला राजनीतिक है। जांच की जा रही है जो भी दोषी मिलेगा उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
भाजपा सभासद ने आठ के विरुद्ध दर्ज कराई एफआईआर
भाजपा नेता पारुल और साथियों पर मारपीट व बलवे का आरोप
दूसरी तरफ से भी सभासद समेत कई पर दर्ज कराई गई रिपोर्ट
अमर उजाला ब्यूरो