अमर उजाला ब्यूरो
कछौना। कोतवाली क्षेत्र में प्रेमिका के घर में घुसे युवक की मारपीट कर आंखें फोड़ने के मामले में दोनों पक्षों की ओर से रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। जहां युवती के पिता ने युवक के विरुद्ध दुष्कर्म के प्रयास की रिपोर्ट दर्ज कराई है। वहीं घायल युवक के भाई ने युवती के पिता सहित पांच लोगों पर जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। युवक का लखनऊ में इलाज चल रहा है।
कोतवाली क्षेत्र में एक समुदाय के युवक का दूसरे समुदाय की युवती के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। गुरुवार रात युवक युवती के घर में घुस गया था। जिस पर युवती के परिजनों ने उसकी पिटाई करने के बाद सूजा मारकर आंखें फोड़ दी थीं। उसे सड़क पर फेंक दिया था। इस मामले में युवती के पिता ने कोतवाली में तहरीर दी। आरोप लगाया कि युवक ने उसकी पुत्री के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। पुलिस ने शुक्रवार शाम युवक अशरफ के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की थी। शनिवार को अशरफ के भाई परवेज ने पुलिस को तहरीर दी कि उसका भाई युवती के बुलाने पर उसके घर गया था। जहां पर युवती के पिता, दो भाई, चाचा सहित पांच लोगों ने उसके भाई को बंद कर मारापीटा और उसकी आंखें फोड़ दीं। कोतवाल जितेंद्र मोहन सरोज ने बताया कि दोनों पक्षों की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
युवक के विरुद्ध दुष्कर्म के प्रयास की रिपोर्ट
- युवती के घर में घुसने पर परिजनों ने फोड़ दी थीं आंखें
- घायल के भाई ने जानलेवा हमले का मामला दर्ज कराया