अमर उजाला ब्यूरो
सवायजपुर। सवायजपुर तहसील में तैनात लेखपाल से घर जाते समय बुधवार रात बाइक सवार बदमाशों ने लूटपाट की। तमंचा दिखाकर बाइक सवार तीन बदमाशों ने लेखपाल से छह हजार की नगदी, दो मोबाइल और सरकारी अभिलेख लूट लिए। बदमाश फरार हो गए। लेखपाल के अनुसार तीनों बदमाशों ने कपड़े से अपना चेहरा छिपा रखा था।
तहसील में कार्यरत लेखपाल रामलाल राणा बुधवार की शाम तहसील में ऋण मोचन योजना करने के बाद रात करीब साढ़े आठ बजे बाइक से हरदोई स्थित घर वापस जा रहे थे। हरदोई सवायजपुर मार्ग पर मझकरिर्या इंट भट्ठा के पास तीन नकाबपोश बदमाशों ने आगे बाइक लगाकर उनकी बाइक रोक ली। रामलाल कुछ समझ पाते इससे पहले ही एक युवक ने उनकी कनपटी से तमंचा सटा दिया। दूसरे युवक ने लेखपाल की जेब में रखी छह हजार की नगदी, व दो मोबाइल निकाल लिए। यही नहीं बदमाश एटीएम कार्ड, चौसार सीसाला व शेखपुर गांव की खतौनी व अन्य अभिलेख भी लूट लिए और फरार हो गए। देर रात लेखपाल ने चौकी प्रभारी सवाजयपुर की घटना की जानकारी दी। इसके बाद चौकी प्रभारी सुखराम सिंह ने पुलिस बल के साथ घटना स्थल का निरीक्षण किया, लेकिन बदमाशों के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी। गुरुवार पूरे दिन लोनार कोतवाली में लेखपाल को बैठाए रखा लेकिन रिपोर्ट दर्ज नही की। गुरुवार को लेखपाल ने लोनार थाने में तहरीर दी है। प्रभारी एसओ लोनार अरविंद सिंह ने लूट की घटना से इंकार किया है। बताया कि चौकी प्रभारी से जांच कराई जा रही है। जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
- बाइक सवार बदमाशों ने लेखपाल को लूटा
- तमंचा दिखाकर दिया लूट की वारदात को अंजाम
- नकदी, मोबाइल सरकारी अभिलेख लूट ले गए बदमाश