अमर उजाला ब्यूरो
हरदोई। 24 अगस्त को जिला चिकित्सालय परिसर स्थित मलेरिया अधिकारी के कार्यालय में हुई चोरी का खुलासा पुलिस ने कर लिया है। एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो फरार हैं। चोरी किया गया सामान भी बरामद हुआ है।
शहर कोतवाली में आयोजित प्रेसवार्ता में एसपी विपिन कुमार मिश्र ने बताया कि 24 अगस्त को जिला मलेरिया अधिकारी के कार्यालय में चोरी हुई थी। इसका खुलासा करने के लिए सीओ विजय कुमार राना की देखरेख में शहर कोतवाली पुलिस टीम को लगाया गया था। मुखबिर की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक दीपक सिंह रघुवंशी, उपनिरीक्षक जावेद, सिपाही श्रवण कुमार दुबे, प्रदीप कुमार, राजवीर सिंह की टीम ने सरकुलर रोड पर ग्लोबल स्कूल तिराहे के निकट छापेमारी की। यहां पुलिस टीम को देखकर दो लोग फरार हो गए, जबकि एक व्यक्ति को पुलिस ने पकड़ लिया। पकड़े गए युवक ने अपना नाम राजेश वाल्मीकि निवासी वाल्मीकि मंदिन नईबस्ती कोतवाली शहर बताया। उसके साथी छोटे उर्फ मनमोहन पुत्र रामबक्श व पंकज निवासी खदरा देहात कोतवाली फरार हो गए। पुलिस ने राजेश की निशानदेही पर चोरी किए गए फ्रिज, मानीटर, कीबोर्ड, सीपीयू, मानीटर स्टैंड, माउस, यूपीएस और अन्य उपकरण बरामद किए हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
मलेरिया अधिकारी कार्यालय में चोरी का एक आरोपी गिरफ्तार
- 24 अगस्त को हुई थी चोरी, दो शातिर फरार
- फ्रिज, मानीटर, कीबोर्ड, सीपीयू बरामद