बेनीगंज। कोतवाली क्षेत्र में ग्राम मल्लपुर के पास बाग में दो युवकों के पास से बरामद टिन के आठ डिब्बों में विस्फोटक होने की आशंका पर बुधवार को बरेली से सेना का बम निरोधक दस्ता जांच करने कोतवाली पहुंचा। डिब्बों से गिट्टी मिली बारूद बरामद हुई। कोतवाल शिवशंकर सिंह ने बताया कि मवेशियों को भगाने के लिए ये बम बनाए गए थे।
बेनीगंज पुलिस ने मंगलवार को ग्राम मल्लपुर के पास बाग में छापा मारकर अतरौली थाना क्षेत्र के ग्राम बड़सरा निवासी अंगद पुत्र चंद्रपाल व उसके भतीजे विनीत पुत्र महावीर को गिरफ्तार किया था। आरोपियों के पास से तमंचा व देसी बंदूक बरामद हुई थी। पुलिस ने टिन के आठ डिब्बे बरामद किए थे, जिन्हें टेप लगाकर सील किया गया था। डिब्बों से दो-दो तार बाहर निकले थे। डिब्बों में बारूद भरकर बम बनाए जाने की आशंका के कारण पुलिस ने बरामद डिब्बों को कोतवाली में पानी के टैंक में डालकर निष्क्रिय कर दिया था। सेना के बम निरोधक दस्ते को पूरे मामले की जानकारी दी थी। बुधवार को बरेली से आए बम निरोध दस्ते ने जांच की। कोतवाल शिवशंकर सिंह ने बताया कि डिब्बों से सामान्य बारूद बरामद किया गया है। यह बम सिर्फ मवेशियों को भगाने के लिए आवाज करने के उद्देश्य से बनाए गए हैं।
पुलिस ने बरती विशेष सतर्कता
हरदोई। पुलिस सूत्रों की माने तो दोनों युवकों ने पूछताछ के दौरान ही यह बता दिया था कि डिब्बों में मवेशियों के डराने के लिए बम बनाए गए हैं। यह जानने के बाद भी पुलिस ने इसे हल्के में नहीं लिया। 24 मार्च को प्रतापनगर चौराहे में एक घर में भीषण विस्फोट में किशोरी की जान चली गई थी। इसके कारण पुलिस ने विशेष सतर्कता बरती।