अमर उजाला ब्यूरो
भरावन। अतरौली थाना क्षेत्र अंतर्गत भरावन ग्राम पंचायत के मजरा कसियापुर में विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। घटना के बाद से ससुराली फरार हैं। मृतका के पिता ने दहेज हत्या का आरोप लगाया है।
कसियापुर निवासी रामगुलाम कानपुर में एक होटल में काम करता है। रक्षाबंधन पर वह घर आया था। शनिवार सुबह वह वापस कानपुर चला गया था। उसकी पत्नी पूजा (26) की शनिवार शाम लगभग चार बजे संदिग्ध हालात में मौत हो गई। पूजा और रामगुलाम का विवाह नौ मई 2016 को हुआ था और उनके छह माह की एक पुत्री है। पूजा के पिता अतरौली थाना क्षेत्र के कुरौंध निवासी जयकरन ने बताया कि शाम को साढ़े चार बजे भरावन के ग्राम प्रधान ने उन्हें मोबाइल पर सूचना दी कि पूजा ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली है। इस सूचना पर जब वह पूजा के घर पहुंचे तो कोई ससुरालीजन वहां मौजूद नहंीं था। पूजा का शव कमरे में बेड पर पड़ा था। उन्होंने आरोप लगाया कि रामगुलाम ने दहेज के लिए बेटी की हत्या कर दी। अतरौली के प्रभारी निरीक्षक दीनानाथ मिश्रा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घटना को लेकर अभी कोई तहरीर नहीं मिली है।
संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत, ससुराली फरार