वर्ष 2018 को जनपद की पुलिस ने गुडवर्क के साथ विदा किया। 15-15 हजार रुपये के तीन इनामियों को अलग-अलग थाना क्षेत्रों में गिरफ्तार किया गया। सांडी में शस्त्र बनाने की अवैध फैक्ट्री पकड़ी गई और दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। शहर कोतवाली पुलिस ने चोरी की एक घटना का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इसके अलावा आईजी के निर्देश पर चलाए गए विशेष जांच अभियान के दौरान 31 लोगों को गिरफ्तार कर इनके कब्जे से 39 तमंचे, 51 कारतूस बरामद किए गए।
पुलिस लाइन सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता में एसपी आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि बिलग्राम कोतवाली पुलिस ने रविवार रात दो बजे 15 हजार रुपये के इनामी धर्मेंद्र उर्फ धरुआ निवासी रावणपुरवा कस्बा बिलग्राम को मोहल्ले के मोड़ से ही गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से तमंचा और दो कारतूस भी बरामद हुए। उसके विरुद्ध डकैती, आर्म्स एक्ट, गैंगेस्टर एक्ट के मामले दर्ज हैं। पाली पुलिस ने रविंद्र उर्फ राघवेंद्र उर्फ छोटे पुत्र प्रताप सिंह निवासी भरखनी को गिरफ्तार कर लिया। रविवार रात साढ़े नौ बजे रूपापुर भरखनी रोड से उसकी गिफ्तारी हुई। उसके विरुद्ध पचदेवरा थाने में तीन और पाली थाने में एक मामला दर्ज है। उस पर 15 हजार रुपये का इनाम था और वह गैंगेस्टर में वांछित भी था। माधौगंज पुलिस ने 15 हजार रुपये के इनामी बृजेश यादव पुत्र तोताराम निवासी चंपापुरवा थाना माधौगंज को उसके गांव से ही गिरफ्तार कर लिया। उसके विरुद्ध बिलग्राम कोतवाली में जानलेवा हमला सहित चार मामलों की रिपोर्ट दर्ज है। इसके अलावा शहर कोतवाली पुलिस ने शनि पुत्र अनिल निवासी प्रेम नगर कालोनी को गिरफ्तार किया है। बिलग्राम मार्ग पर छोहा पुलिया के निकट गिरफ्तार किए गए शनि के पास से चोरी का गैस सिलिंडर, एक भगौना, एक तमंचा और एक कारतूस भी बरामद हुआ है। उसके विरुद्ध शहर कोतवाली में तीन मामले दर्ज हैं।
एसपी आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि आईजी सुजीत पांडेय के निर्देश पर अवैध शस्त्रों की बरामदगी और अवैध शस्त्र बनाने की फैक्ट्री पकड़ने के लिए अभियान चलाया गया। इस दौरान 31 लोगों को गिरफ्तार कर इनके कब्जे से 39 तमंचे, 51 कारतूस बरामद किए गए। एसपी ने बताया कि सांडी के थानाध्यक्ष अरुणेश कुमार गुप्ता और उनकी टीम ने बम्हटापुर के पश्चिम में स्थित बबूल के जंगल में छापा मारकर अवैध शस्त्र फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया। मौके से नन्हें पुत्र शंभर निवासी छितरामऊ और नारायण उर्फ अमर सिंह पुत्र जोख्खा निवासी धाधामऊ थाना संाडी को गिरफ्तार कर शस्त्र बनाने के उपकरण, दो अधबने तमंचे, चार तमंचे बरामद किए। एसपी ने बताया कि नारायण उर्फ अमर सिंह शातिर अपराधी है। इसके विरुद्ध शहर कोतवाली में तीन और सांडी थाने में पांच मामले दर्ज हैं। इनमें एनडीपीएस से लेकर गुंडा एक्ट, हत्या, डकैती और जानलेवा हमले तक के मामले शामिल हैं। नन्हें के विरुद्ध भी सांडी थाने में दो मामले दर्ज हैं।