हरदोई। बार एसोसिएशन आम सभा की मंगलवार को हुई बैठक में एक सप्ताह पूर्व वकील पर हुए हमले के आरोपियों पर कार्रवाई न होने पर नाराजगी जताई गई। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष पीके मिश्रा ने कहा कि आरोपियों को पकड़ा न गया तो आंदोलन किया जाएगा।
वकील शहाब हसन शाबू ने अन्य कई अधिवक्ता साथियों के हस्ताक्षरयुक्त प्रार्थना पत्र बार एसोसिएशन को दिया था। इसमें बताया कि पिछले सप्ताह वह पत्नी और 2 साल की बेटी के साथ जा रहे थे। रास्ते में पहले से घात लगाकर बैठे मोहल्ले के लोगों ने उन लोगों से गाली गलौज कर हमला कर दिया। आरोपी मारपीट कर अधिवक्ता की सोने की चेन भी लूट ले गए थे। घटना में उनकी पुत्री को भी चोट लगी। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ थाना कोतवाली देहात में नामजद रिपोर्ट भी दर्ज कराई लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और सुलह न करने पर जान से मार डालने की धमकी दे रहे हैं। बैठक में शहाब हसन ने वकीलों से मदद की मांग की। वकील अहमर हुसैन, दिग्विजय सिंह सिकरवार, रामप्रताप सिंह पल्लू, राकेश सिंह ,मोहम्मद सलीम, शैलेंद्र अवस्थी, महामहिमा श्रीवास्तव, गुंजन मिश्रा, अमित शुक्ला, सत्येंद्र मोहन मिश्रा, चंद्र शेखर पाल, प्रशांत मिश्रा सत्यम, सुधीर कुमार यादव आदि ने भी मामले में रोष जताया। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष पीके मिश्रा ने कहा कि वह इस मसले पर दोबारा पुलिस प्रशासन से मुलाकात करेंगे। फिर भी अधिवक्ता पर हमला करने के आरोपियों की गिरफ्तारी न हुई तो आंदोलन किया जाएगा। संचालन महामंत्री जे पी त्रिवेदी ने किया।