टडियावां व बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र में बीते दिनों हुई गन्ना क्रय केंद्रों पर लूट की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने पांच शातिर लुटेरों का गिरोह पकड़ा है।
इनके कब्जे से गन्ना क्रय केंद्रों से चोरी किए गए 129 बांट बरामद किए हैं, जिनकी कीमत करीब सात लाख बताई जा रही है। इसके अलावा दो बाइक, एक चौपहिया वाहन भी बरामद हुआ है। बरामद हुए वाहनों के चोरी के होने की आशंका पुलिस ने जताई है।
पुलिस लाइन सभागार में पत्रकारों से बातचीत करते हुए पुलिस अधीक्षक आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि 24 जनवरी की रात बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र भगवंतनगर में क्रय केंद्र पर लूट हुई थी, यहां से बांट लूटे गए थे।
शिव प्रकाश पुत्र हीरालाल निवासी भगवंतपुर की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। इससे कुछ दिन पहले ही टडियावां थाना क्षेत्र में भी एक गन्ना क्रय केंद्र पर लूट हुई थी।
मुखबिर की सूचना पर गुरुवार रात बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र के बरगदिया तिराहे के पास से पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। इनमें राकेश उर्फ छोटे पुत्र भुलई निवासी पेंदरहिया, अवधेश पुत्र गुड्डू निवासी नेकपुर, सफीक पुत्र बाबू निवासी महोली जनपद सीतापुर, शरीक पुत्र नवाब अली निवासी सेमरावां थाना मितौली और मुकेश पुत्र भगवानदीन निवासी थाना मैगलगंज जिला लखीमपुर खीरी शामिल हैं।
एसपी ने बताया कि पूछताछ के दौरान इन लोगों ने बताया कि राकेश गिरोह का सरगना है। लखीमपुर खीरी और सीतापुर में भी इन लोगों ने गन्ना क्रय केंद्रों से बांट लूटने की जानकारी पुलिस को दी है।
इस पर पुलिस जांच कर रही है। आरोपियों के पास से कुल 129 बांट बरामद हुए हैं। इनमें 50 किलो के 84 बांट, बीस किलो के 31 बांट, दस किलो के 13 बांट और पांच किलो का एक बांट है। इनकी कीमत तकरीबन सात लाख रुपये है।
आरोपियों के पास से दो बाइक, एक पिकप डाला, एक तमंचा और दो कारतूस भी बरामद हुए हैं। खुलासा करने वाली पुलिस टीम को एसपी ने 11 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।
एसपी आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि राकेश उर्फ छोटे शातिर है। उसके विरुद्ध सीतापुर जनपद के महोली थाने में पांच, हरदोई जनपद के बेनीगंज कोतवाली में तीन मामले दर्ज हैं। इनमें लूट, जानलेवा हमला, गुंडा एक्ट, आम्र्स एक्ट और आबकारी अधिनियम के मामले दर्ज हैं।
पांच लुटेरे गिरफ्तार, सात लाख के बांट बरामद
सीतापुर व लखीमपुर के शातिर कर रहे थे हरदोई में लूट, आरोपियों के कब्जे से असलहे व वाहन भी मिले