अमर उजाला ब्यूरो
बिलग्राम (हरदोई)। अचानक सड़क पर आई गाय से टकराने के बाद तेज रफ्तार पिकप सड़क किनारे झोपड़ी में जा घुसी। हादसे में झोपड़ी में सो रही महिला, उसका बेटा व पोती गंभीर रूप से घायल हो गई। घायलों को जबतक अस्पताल ले जाया जाता, महिला की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं घायल बेटे व पोती को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सोमवार की सुबह लगभग साढ़े चार बजे कन्नौज से बिलग्राम की ओर आ रही एक तेज रफ्तार पिकप बाबूपुरवा गांव के पास सड़क पर अचानक आई गाय से टकरा गई। इसके बाद अनियंत्रित पिकप सड़क किनारे स्थित बाबूपुरवा गांव निवासी राम प्रकाश के झोपड़ीनुमा घर में जा घुसी। झोपड़ी में सो रही राम प्रकाश की पत्नी आशा रानी (45), उसका बेटा अंकित (14) व पोती नैंसी (2) पुत्री राजीव पिकप की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज धमाके की आवाज सुनकर घर के दूसरे हिस्से में सो रहा आशारानी का बेटा राजीव, अन्य परिजन व ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और घायलों को जैसे तैसे बाहर निकाला। इस बीच चालक पिकप मौके पर छोड़कर फरार हो गया। ग्रामीणों से घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई।
घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जाता, इससे पहले ही आशारानी की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।अंकित व नैंसी कोअस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसएसआई जेपी सिंह ने बताया कि बेटे राजीव की तहरीर के अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
-कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बाबूपुरवा की घटना
-झोपड़ी के अंदर सो रहा महिला का बेटा व पोती घायल