हरदोई। लखनऊ-दिल्ली रेलवे ट्रैक पर बघौली रेलवे स्टेशन के निकट ट्रेन की चपेट में आकर किशोरी की मौत हो गई। स्टेशन मास्टर की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पिता ने किशोरी का मानसिक संतुलन ठीक न होने के कारण खुदकुशी किए जाने की बात कही है।
बघौली कस्बे के मजरा महमदपुर निवासी सर्वेश की पुत्री प्रीती (17) रविवार सुबह शौच के लिए जाने की बात कहकर घर से निकली थी। कुछ देर बाद गांव के पास से ही निकली लखनऊ-दिल्ली रेलवे लाइन पर उसका शव पड़ा मिला। बघौली स्टेशन मास्टर बबली ने इसकी सूचना बघौली पुलिस को दी तो उपनिरीक्षक सुरेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे। इसी बीच मृतका के पिता सर्वेश भी घटनास्थल पर पहुंच गए। सर्वेश ने बताया कि प्रीती का मानसिक संतुलन ठीक नहीं था और उसका इलाज भी कराया जा रहा था। मानसिक संतुलन ठीक न होने के कारण उसने खुदकुशी कर ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।