हरदोई। अतरौली थाना क्षेत्र के ग्राम भेरका में पति की प्रताड़ना से परेशान होकर महिला ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। पुलिस ने विवाहिता के पिता की तहरीर पर दामाद के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
ग्राम भेरका निवासी रामू (35) की दूसरी शादी चार वर्ष पहले लखनऊ जनपद के मलिहाबाद थाना क्षेत्र के नई बस्ती निवासी रामलाल की पुत्री प्रीती (23) के साथ हुई थी। मंगलवार को प्रीती का शव मकान के अंदर बने कमरे में साड़ी से बने फंदे पर लटकता मिला। खेत से लौटे रामू ने शव देखा तो प्रीती के मायके और पुलिस को सूचना दी। रामू की पहली पत्नी से दो बच्चे हैं जिनकी देखभाल प्रीती ही करती थी। प्रीती के पिता राम लाल ने बताया कि रामू शराब पीने का आदी है। शादी के बाद से ही आए दिन प्रीती के साथ मारपीट करता था इसी से परेशान होकर प्रीती ने खुदकुशी कर ली। थानाध्यक्ष संजीव शर्मा ने बताया कि आत्महत्या के लिए उकसाने की रिपोर्ट रामू के विरुद्ध दर्ज की गई है। रामू को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।