सांडी। कस्बे में लोहे का कारखाना चलाने वाले हसनापुर गांव निवासी युवक ने सोमवार की दोपहर कारखाने से कुछ दूरी पर बाग में फांसी लगाकर जान दे दी। परिजनों ने युवक के मानसिक रोग से ग्रसित होने की बात कही है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना क्षेत्र के ग्राम हसनापुर निवासी विजेंद्र शर्मा (23) ने सोमवार को सांडी तिराहा स्थित लखपेड़ा बाग में खड़े नीम के पेड़ से रस्सी के फंदे से फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। उसका शव फांसी पर लटकता देख आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। लोगों ने युवक को पहचान कर परिजनों व पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर बदहवास परिजन मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने बताया कि विजेंद्र दो भाइयों में बड़ा था। वह अविवाहित था साथ ही मानसिक रोग से ग्रसित चल रहा था। उसका इलाज भी चल रहा था। बताया कि पिता गुरुप्रसाद शर्मा सांडी तिराहे पर लोहे का कारखाना चलाते हैं, विजेंद्र भी काम में उनकी मदद करता था। एक सप्ताह पूर्व ही कानपुर से उसकी शादी तय हुई थी। उसने फांसी क्यों लगाई, परिजनों को इस संबंध में कोई जानकारी नहीं है। सूचना मिलने के बाद मौके पर पुहंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसओ अनिल सक्सेना ने बताया कि परिजनों ने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।