पिहानी (हरदोई)। कोतवाली क्षेत्र के डर्रा गांव के युवक ने गांव के बाहर पेड़ से फंदा लगाकर जान दे दी। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही अंतिम संस्कार कर दिया है।
गांव डर्रा निवासी पंकज (22) खेती बाड़ी करता था। छह महीने पहले उसकी शादी हुई थी। मंगलवार की रात वह बिना कुछ बताए घर से निकल गया था। देर रात तक वापस नहीं आने पर परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन कहीं पता नहीं चला। बुधवार की सुबह ग्रामीणों ने गांव के बाहर नदी के किनारे आम के बाग में एक पेड़ से टी शर्ट के फंदे से उसका शव लटकता देखा। ग्रामीणों से सूचना मिलने पर रोते बिलखते परिजन मौके पर पहुंचे। परिजन घटना के कारण के बारे में कोई जानकारी नहीं दे सके। एसआई राजेश सिंह ने बताया कि पुलिस को इस संबंध में कोई जानकारी नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)
---