हरदोई। कोतवाली क्षेत्र के हरिपुरवा गांव में बुधवार को झोलाछाप के इलाज से महिला की मौत हो गई। परिजनों ने झोलाछाप पर गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
हरिपुरवा गांव निवासी लालू दिल्ली में मजदूरी करता है। गांव में रह रही उसकी पत्नी नेहा (22) को दो दिन से बुखार आ रहा था। परिजनों के मुताबिक बुधवार की शाम वह गांव में झोलाछाप के पास दवा लेने गई थी। वहां उसे इंजेक्शन लगाया गया।
इंजेक्शन लगते ही नेहा की तबीयत बिगड़ गई। कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। महिला के जेठ सुखपाल ने झोलाछाप पर गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने गुरुवार को दोपहर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
कोतवाल जगदीश यादव ने बताया कि तहरीर मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।