हरदोई। पिहानी कोतवाली क्षेत्र के पंडरवा किला में चार जून को अधेड़ की हत्या के मुख्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस पर 20 हजार रुपये का इनाम भी घोषित है। न्यायालय में पेश करने के बाद पुलिस ने उसे जेल भेज दिया।
पंडरवा किला निवासी कल्लू फकीर (54) का शव चार जून की शाम एक तालाब में मिट्टी में आधा दबा मिला था। मृतक के पुत्र अफसर की तहरीर पर पड़ोसी राम खिलावन के विरुद्ध हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई थी। जांच के दौरान घटना में मृतक के भाई सरफुद्दीन और गांव निवासी छेदा के भी शामिल होने के सुराग मिलने पर पुलिस ने इन्हें सात जून को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। मुख्य आरोपी राम खिलावन पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ रहा था।
इस पर एसपी अजय कुमार ने उसकी गिरफ्तारी पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) अनिल सिंह यादव ने बताया कि पिहानी कोतवाल महेशचंद्र के नेतृत्व वाली टीम ने गुुरुवार को कुल्लही पुल के पास से राम खिलावन को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से हत्या में हत्या में इस्तेमाल किया गया तबल भी बरामद हो गया है।