हरदोई। रोडवेज बस से पाली से हरदोई जा रही महिला का जेवर और कपड़ों से भरा बैग गायब हो गया। पूरी बस खंगाली गई, लेकिन बैग का कोई पता नहंीं चला।
पाली थाना क्षेत्र के गुपलापुर निवासी सरिता की बहन की शादी है। मंगलवार को वह पिता अमरवीर के साथ रोडवेज बस से हरदोई जा रही थी। अमरवीर के मुताबिक उसने जेवर और कपड़ों से भरा बैग खिड़की के पास रख दिया और सामने की सीट पर बैठ गया।
शाहाबाद कस्बे में अल्हापुर तिराहे पर पहुंचने पर बस में भीड़ हो गई। इसी दौरान बैग गायब हो गया। पिता-पुत्री को जब बैग नजर नहीं आया, तो दोनों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। इससे यात्रियों में खलबली मच गई। चालक और परिचालक भी पीड़ितों के साथ पूरी बस में बैग की तलाश करते रहे, लेकिन सुराग नहीं मिला।
अमरवीर के मुताबिक उसके बैग में पायल, मांगबेंदी, कुछ अन्य जेवर व कपड़े थे। पीड़ितों ने घटना की जानकारी पुलिस को नहीं दी और बिलखते हुए वापस घर लौट गए।