हरदोई। सात माह पहले संदिग्ध हालात में हुई किशोरी की मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। न्यायालय के आदेश पर एसडीएम सदर की मौजूदगी में गुरुवार को खुदाई करवाकर शव को निकलवाया गया। पोस्टमार्टम कराने के लिए शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया है। दरअसल, किशोरी के पिता ने गांव के कुछ लोगों पर जहर देने का आरोप लगाया था। इसके बाद यह कार्रवाई हुई है।
टड़ियावां थाना क्षेत्र के ग्राम खजुआ निवासी अंजू (16) की सात नवंबर 2020 को संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी। परिजनों ने पुलिस को जानकारी दिए बिना ही शव को दफना दिया था। बाद में मृतका के पिता विजय पाल ने गांव के ही कुछ लोगों पर प्रसाद के नाम पर जहर खिला देने का आरोप लगाया था।
सुनवाई न होने पर उसने न्यायालय की शरण ली थी। न्यायालय के आदेश पर गुुरुवार को एसडीएम सदर सौरभ दुबे, सीओ हरियावां एसआर कुशवाहा और टड़ियावां के प्रभारी निरीक्षक राय सिंह की मौजूदगी में खुदाई कराई गई। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि शव को जिला चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवा दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।