शाहाबाद (हरदोई)। कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत नगर के मोहल्ला चौक निवासी व्यक्ति ने लखनऊ निवासी दामाद व दो अन्य लोगों पर दहेज के लिए बेटी को प्रताड़ित करने व मारपीट का आरोप लगाया है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नगर के मोहल्ला चौक निवासी मधुरकांत वर्मा ने बताया कि उन्होंने बेटी नेहा की शादी चार साल पहले लखनऊ के इंदिरानगर मोहल्ला निवासी रोहित वर्मा के साथ की थी। शादी के एक साल के बाद ही रोहित और उसके परिजन दहेज में स्कूटी की मांग कर उसकी बेटी को प्रताड़ित करने लगे। उसने पुरानी स्कूटी दामाद को दी, लेकिन इसके बाद भी आरोपी नहीं माने।
29 मई को दामाद रोहित ने फोन किया और नेहा को ले जाने की बात कही। इस पर वह बेटे साथ लखनऊ पहुंचे। वहां बेटी नेहा बेहोश मिली। उसके शरीर पर चोट के निशान भी मिले। वह बेटी को लेकर घर आ गए। बेटी ने बताया कि पति रोहित समेत ससुराली सुरेश व रिंकू ने उसके साथ मारपीट की। कोतवाल महेश चंद्र पांडेय ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।