हरदोई। सुरसा थाना क्षेत्र अंतर्गत इछनापुर निवासी युवक की हत्या के खुलासे के करीब पुलिस पहुंच गई है। एक ही युवती से दो लोगों का प्रेम प्रसंग होने को हत्या की वजह माना जा रहा है। उम्मीद है कि पुलिस पूरी घटना का खुलासा आज कर देगी।
सुरसा थाना क्षेत्र के इछनापुर निवासी सचिन पांडेय (25) पुत्र रजनीकांत पांडेय का शव शुक्रवार सुबह ओदरा नेवलिया-बहादुरपुरवा मार्ग पर सड़क किनारे खाई में पड़ा मिला था। उसके शरीर पर चाकू से 19 वार किए गए थे। मृतक के पिता ने अज्ञात के विरुद्ध हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने सर्विलांस की मदद से पूरी घटना की जानकारी जुटा आरोपी को भी हिरासत में लिया है। विश्वस्त सूत्रों के मुताबिक सचिन पांडेय का प्रेम प्रसंग जिस युवती से था, उससे दूसरा युवक भी एक तरफा प्रेम करता था। इसी के चलते सचिन को फोन कर बुलाया गया और फिर उसकी हत्या कर दी गई। सुरसा के प्रभारी निरीक्षक राजकरन शर्मा ने कहा कि 24 घंटे में सब सामने आ जाएगा।