माधौगंज। थाना क्षेत्र अंतर्गत बरहस माइनर के सामने पटरी पर मिले शव की शिनाख्त हो गई है। शव बिलग्राम कोतवाली में तैनात चौकीदार का था जो 12 दिन से लापता था। परिजनों ने घटना को लेकर कोई आरोप नहीं लगाए हैं।
बरहस नहर पटरी पर मिले शव को पुलिस ने माधौगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में रखवा दिया था। यहां पुलिस ने शव की तलाशी ली तो एक मोबाइल चिप जैकेट से बरामद हुई। इस चिप को जब दूसरे मोबाइल में डाला गया तो कुछ फोटो सामने आईं। ग्रामीणों ने मृतक के बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के ग्राम परचल रसूलपुर का निवासी होने की बात कही। इस पर बघौली थाना क्षेत्र के ग्राम भेलावां निवासी नन्हें ने शव की शिनाख्त साले रामपाल (40) पुत्र भैयालाल निवासी परचल रसूलपुर के रूप में की। वह बिलग्राम कोतवाली में चौकीदार था। लगभग 12 दिन पहले मवेशियों को चराने बरहस माइनर के निकट गया था और तब से उसका कोई सुराग नहीं मिला था। बिलग्राम कोतवाल अमरजीत सिंह ने बताया कि रामपाल को मिर्गी के दौरे आते थे। संभवत: मिर्गी का दौरा आने पर वह पानी में गिर गया और इसके चलते उसकी मौत हो गई। संवाद