संडीला (हरदोई)। विद्युत विभाग ने चेकिंग के दौरान इमलिया बाग में स्थित आरा मशीन पर बिजली चोरी पकड़ी है। जेई ने सोमवार को आरा मशीन संचालक के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
अधिशासी अभियंता एसके अग्रवाल के निर्देश पर अवर अभियंता राजेश गौतम की अगुवाई में टीम ने रविवार को नगर में बिजली चेकिंग अभियान चलाया। टीम ने इमलियाबाग स्थित अली पुत्र अनवार चौधरी की आरा मशीन पर जांच की। आरा मशीन व दुकानों में कटिया डालकर बिजली चोरी होती मिली। जेई राजेश गौतम की ओर से तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने सोमवार को आरा मशीन संचालक अली के खिलाफ बिजली चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद