कछौना। डीएम के निर्देश पर पुलिस ने बुधवार को अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई की। पुलिस ने रैसों गांव के पास छापा मार कर मिट्टी का अवैध खनन पकड़ा। पुलिस टीम ने चार चालकों समेत मौके से छह डंपर व एक पोकलैंड मशीन को कब्जे में ले लिया। कोतवाल ने बताया कि हिरासत में लिए गए चालकों समेत वाहन मालिकों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
पिछले लंबे समय से क्षेत्र में मिट्टी का बड़े पैमाने पर अवैध खनन हो रहा है। बुधवार को कस्बे में आए सांसद अशोक रावत से लोगों ने मिलकर उन्हें अवैध खनन होने की जानकारी दी और पुलिस द्वारा कार्रवाई न किए जाने की शिकायत की थी। मामला संज्ञान में आने पर सांसद ने डीएम पुलकित खरे से वार्ता कर उन्हें कार्रवाई करने को कहा था। डीएम पुलकित खरे के निर्देश पर बुधवार की रात पुलिस ने रैसों गांव के पास खेतों में छापा मारा। मौके पर खेतों से बड़े पैमाने पर मिट्टी का खनन होता मिला। पुलिस टीम को देख वाहन चालकों व अन्य लोगों ने भागने की कोशिश की, जिस पर पुलिस ने पांच लोगों को दौड़ाकर पकड़ लिया। पुलिस ने मौके से मिट्टी ढुलाई में लगे छह डंपर समेत खनन के काम में लगी पोकलैंड मशीन को कब्जे मेें ले लिया। प्रभारी कोतवाल आरबी सिंह ने बताया कि हिरासत में लिए गए पांच लोगों से पूछताछ की जा रही है। आरोपियों ने बताया कि खनन की गई मिट्टी संडीला औद्योगिक क्षेत्र में प्लॉटों पर फैक्टरियों व सड़क के किनारे डाली जा रही है। यह भी जानकारी मिली है कि खनन का काम बिना पट्टा बनवाए किया जा रहा था। प्रभारी कोतवाल ने बताया कि वाहनों को सीज कर दिया गया है, हिरासत में लिए गए लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।