हरदोई। हरदोई-बिलग्राम मार्ग पर बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र में पेट्रोल पंप के निकट बुधवार देर रात अनियंत्रित पिकअप ने बाइक सवार दुकानदार को कुचल दिया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां देर रात उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए था।
बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के ग्राम हैबतपुर निवासी आकाश (32) पुत्र गंगाराम गांव में परचून की दुकान चलाता था। उसके परिवार में पत्नी सोनी के अलावा दो पुत्र व दो पुत्रियां हैं। परिजनों के मुताबिक, आकाश की मां गंगा देवी अपने मायके अरवल थाना क्षेत्र के ग्राम करनपुर में रह रही हैं। बुधवार को आकाश मां से मिलने करनपुर गया था। बुधवार देर रात वह बाइक से घर वापस जा रहा था। रास्ते में बिलग्राम कस्बा के निकट हरदोई मार्ग पर पीछे से आ रही अनियंत्रित पिकअप ने उसे रौंद दिया। इसके कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे एंबुलेंस से जिला अस्पताल में भर्ती कराया। हादसे की जानकारी होने पर परिजन अस्पताल पहुंच गए। बुधवार देर रात उपचार के दौरान अस्पताल में उसकी मौत हो गई। अस्पताल प्रशासन की सूचना पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। बिलग्राम कोतवाल अमरजीत सिंह ने बताया कि चालक पिकप लेकर मौके से फरार हो गया था। पिकप का पता चलने पर कार्रवाई की जाएगी।