हरदोई। टड़ियावां थाना क्षेत्र के ग्राम सिकंदरपुर निवासी वृद्ध किसान की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। अस्पताल प्रशासन की सूचना पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।
टड़ियावां थाना क्षेत्र के ग्राम सिकंदरपुर निवासी श्रीपाल (65) खेती करते थे। मंगलवार की शाम खेत देखने के लिए गए थे। रात में उसकी पत्नी सीमा खाना देने के लिए खेत पर पहुंची तो श्रीपाल बेहोशी की हालत में पड़े थे। सूचना अन्य परिजनों को दी गई, तो वे सब भी मौके पर पहुंच गए और आनन फानन ही श्रीपाल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र टड़ियावां ले गए। यहां चिकित्सक ने हालत गंभीर बताते हुए जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया।
जिला चिकित्सालय में उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। अस्पताल प्रशासन की सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। टड़ियावां के प्रभारी निरीक्षक राय सिंह ने बताया कि परिजनों ने कोई आरोप नहीं लगाए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।