हरदोई। बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के ग्राम जरौली कला निवासी युवक का अपहरण किए जाने की रिपोर्ट एसपी के आदेश पर दर्ज की गई है। आरोपी की गिरफ्तारी और युवक को खोजने की कोशिश पुलिस ने तेजी से शुरू कर दी है।
बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के ग्राम जरौली कला निवासी सोमवती ने एसपी अनुराग वत्स को सोमवार को दी तहरीर में बताया कि उसके पुत्र गोविंद को गांव निवासी वीपी सिंह कुशवाहा बीती 24 जनवरी को अपने साथ जयपुर ले गए थे। गोविंद ने 31 जनवरी को दिल्ली में रहने वाली अपनी बहन सोनू देवी से मोबाइल पर बात की थी। इसके बाद एक फरवरी से गोविंद के दोनों मोबाइल नंबर स्विच आफ हैं। गोविंद को साथ में ले जाने वाला वीपी सिंह कुशवाहा छह फरवरी को दोपहर एक बजे अपने गांव लौट आया, लेकिन गोविंद का कोई पता नहीं चला। सोमवती का आरोप है कि वीपी सिंह ने गोविंद का अपहरण कर दिया है। कोतवाल सुनील सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। (संवाद)