हरदोई। चोरों ने कस्बे में स्टेशन पर स्थित ऑर्टिफिशियल ज्वैलरी शॉप का शटर तोड़ दिया। दुकान में रखे पांच हजार रुपये समेत लगभग 70 हजार का सामान चोरी कर लिया। पीड़ित दुकानदार की ओर से तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर जाकर जांच की।
कस्बा निवासी व्यापारी सरीफुल हक ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि कस्बे में रेलवे स्टेशन रोड पर मिश्रा मार्केट में उसकी रहमतुन आर्टिफिशियल ज्वैलरी के नाम से दुकान है। शुक्रवार की शाम वह दुकान बंद कर घर चला गया। शनिवार को साप्ताहिक बंदी थी, जिसके चलते दुकान नहीं गया। बताया कि रविवार की सुबह दुकान पहुंचा तो शटर टूटा मिला। अंदर जाने पर दुकान में रखा सामान बिखरा मिला। देखने पर पता चला कि चोर गोलक में रखे पांच हजार रुपये व लगभग 70 हजार रुपये की कीमत का माल चुरा ले गए। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर जाकर जांच की। कोतवाल धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है, जांच कर कार्रवाई की जाएगी।