हरदोई। संडीला कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बड़कुल में हुई हत्या के मामले में विपिन की पत्नी के बाद उसके प्रेमी को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। प्राथमिक पूछताछ में पुलिस को पता चला है कि डेढ़ माह से पत्नी अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति विपिन की हत्या की साजिश बनाई थी।
संडीला कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बेलई निवासी विपिन कुमार (27) गुरुवार को अपने ननिहाल ग्राम बड़कुल गया था। शनिवार की सुबह विपिन का शव नानी के मकान के बाहर चारपाई पर पड़ा मिला था। गला दबाकर उसकी हत्या की गई थी। मृतक के छोटे भाई करन की तहरीर पर पुलिस ने मृतक की पत्नी गुड़िया और उसके प्रेमी छोटू के विरुद्ध हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर गुड़िया को गिरफ्तार कर लिया था।
पुलिस ने रविवार सुबह ग्राम मलेहरा के निकट छोटू को भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों से प्राथमिक पूछताछ में पुलिस को पता चला कि गुड़िया का प्रेम प्रसंग छोटू के साथ शादी से पहले से ही चल रहा था। शादी होने के बाद भी दोनों एक दूसरे के संपर्क में बने रहे। पुलिस का दावा है कि डेढ़ माह पहले भी छोटू ने गुड़िया के साथ मिलकर विपिन की हत्या की साजिश बनाई थी। तब छोटू बेलई जाने के लिए निकला था, लेकिन मन में डर आ जाने के कारण लौट गया था।
बीती 27 अगस्त की शाम को छोटू और गुड़िया ने फोन पर बातचीत की थी। इसके बाद छोटू को बड़कुल बुला लिया गया था। छोटू रात दस बजे गांव पहुंच गया था, लेकिन घर पर सभी के जागते रहने के कारण उसे मक्के के खेत में छिपना पड़ा। आधी रात के बाद लगभग एक बजे छोटू ने विपिन की हत्या कर दी थी। प्रभारी निरीक्षक बेणीमाधव त्रिपाठी ने बताया कि दोनों को जेल भेज दिया गया है।