भरावन(हरदोई)। अतरौली थाना क्षेत्र के गांव लौलीखेड़ा निवासी महिला ने पति, सास व जेठ पर दहेज में पांच लाख रुपये मांगने व मारपीट का आरोप लगाया है। महिला की तहरीर पर पुलिस ने तीनों के खिलाफ मारपीट व दहेज उत्पीड़न की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव लौलीखेड़ा निवासी कुसुमा पाल ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि उसकी शादी 18 जून 2017 को उन्नाव जिले के औरास थाना क्षेत्र के गांव उमराय खेड़ा निवासी खुशीलाल के साथ हुई थी। शादी के कुछ समय बाद से ही पति, सास रेखा देवी व जेठ संतोष दहेज में पांच लाख रुपये की मांग को लेकर उसे परेशान करने लगे। दो दिन पहले पति, सास व जेठ ने दहेज की मांग पूरी न होने पर उसके साथ मारपीट और घर से भगा दिया। कोतवाल महेश चंद्र पांडेय ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मारपीट व दहेज उत्पीड़न की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। (संवाद)