हरदोई। सांडी कस्बे की एक सराफा दुकान पर गिरवी रखे गए सोने के कंगन के बदले रुपये लेने गई महिला व उसकी बेटी को संदेह होने पर दुकानदार ने बैठा लिया। जांच कराने पर महिला द्वारा पूर्व में दुकान रखे गए कंगन भी नकली निकले। पूछताछ में महिला द्वारा कई दुकानों पर भी पूर्व में सोने के नकली जेवर रख कर रुपयों की ठगी करने की बात सामने आई है। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला व उसकी बेटी को गिरफ्तार कर लिया है।
एक महिला व उसकी बेटी ने कस्बे में स्थित सराफा व्यवसायी मनु रस्तोगी की दुकान पर 28 जुलाई को एक जोड़ी कंगन रखकर कुछ रुपये उधार लिए थे। गुरुवार की शाम महिला व उसकी उन्हीं जेवरातों के बदले कुछ और रुपये लेने दुकान पहुंची। बातचीत के दौरान संदेह होने पर दुकानदार ने अन्य दुकानदारों से जानकारी ली तो पता चला कि महिला द्वारा हिमांशु रस्तोगी व सुरेश गुप्त की दुकान में भी कंगन गिरवी रखकर रुपये लिए थे। इस पर मनु ने दोनों कंगन चेक कराए। जांच में दोनों कंगन नकली निकले। इस पर मनु ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर चौकी इंचार्ज रजनीश त्रिपाठी मौके पर पहुंच गए और दोनों महिलाओं से पूछताछ की। पुलिस दोनों महिलाओं को थाने ले गई।
चौकी इंचार्ज ने बताया कि व्यापारी की ओर से तहरीर मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वहीं सराफा संघ के अध्यक्ष मंगा रस्तोगी ने बताया कि आरोपी महिला द्वारा अलग-अलग दुकानों पर गलत नाम पता बता कर नकली आभूषण गिरवी रखकर रुपये लिए गए हैं। यह फर्जीवाड़ा काफी दिन से चल रहा था। पुलिस को तहरीर देकर आवश्यक कार्रवाई करवाई जाएगी।