हरदोई। टड़ियावां थाना क्षेत्र के ग्राम अरबापुर में मामूली विवाद के दौरान पिटाई से महिला का गर्भपात हो गया। गंभीर हालत में उसे जिला महिला चिकित्सालय में भर्ती किया गया है।
टड़ियावां थाना क्षेत्र के ग्राम अरबापुर निवासी सरला देवी (35) पांच माह की गर्भवती थी। शुक्रवार शाम सरला का देवर छोटेलाल गांव में ही एक दुकान पर कोल्ड ड्रिंक पी रहा था। इसी दौरान गांव निवासी इजहार ने सरला को लेकर अभद्र टिप्पणी कर दी। इस पर छोटेलाल ने आपत्ति जताई। तो इजहार, मुन्ना, फारूख, और गुड्डू ने मारपीट शुरू कर दी। इसी बीच सरला भी वहां पहुंच गई, तो आरोपियों ने सरला की भी पिटाई कर दी। पिटाई से सरला की हालत बिगड़ गई। शनिवार को परिजन उसे लेकर टड़ियावां थाने गए और फिर जिला महिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। पिटाई के कारण रविवार को सरला का गर्भपात हो गया। टड़ियावां के प्रभारी निरीक्षक राय सिंह ने बताया कि शनिवार को ही चारों आरोपियों के विरुद्ध अनुसूचित जाति उत्पीड़न का मामला दर्ज किया जा चुका है।