हरदोई। मल्लावां के ग्राम सराय गौरी निवासी युवक की संदिग्ध हालात में तबीयत बिगड़ गई। परिजन सीएचसी से उसे जिला अस्पताल ले जा रहे थे, रास्ते में उसकी मौत हो गई। परिजन बुखार आने से युवक की तबीयत बिगड़ने की बात कह रहे हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव सराय गौरी निवासी वीरेंद्र (27) की सोमवार की रात तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे सीएचसी ले गए। हालत में सुधार न होने पर चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल ले जाते वक्त रास्ते में उसकी मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि वीरेंद्र विवाहित था, उसके दो बच्चे हैं। वह खेती कर परिवार का पालन पोषण करता था। बताया कि बुखार आने के बाद अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई थी। सीएचसी के चिकित्सक डॉ. दिव्यांशु चंद्रा ने बताया कि परिजन उसे बेहोशी की हालत में अस्पताल लाए। इलाज के लिए उसे जिला अस्पताल भेजा गया था। इधर, परिजनों से युवक की मौत की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।