हरदोई। शहर कोतवाली क्षेत्र स्थित बैंक में रुपये जमा करने गई महिला संदिग्ध हालात में लापता हो गई। महिला के पति ने एक होमगार्ड पर बहला फुसलाकर साथ ले जाने का आरोप लगाते हुए शिकायती पत्र पुलिस अधिकारियों को दिया है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी व्यक्ति ने बताया कि वह विद्युत विभाग में ठेके पर मीटर लगाता है। बीती 30 जून की दोपहर उसकी पत्नी अपनी बेटी को लेकर रुपये जमा करने बैंक गई थी। मुन्ने मियां चौराहा पर ड्यूटी कर रहे होमगार्ड ने महिला को रोक लिया और बैंक पासबुक, आधार कार्ड लेकर अपना मोबाइल नंबर देकर भेज दिया। कुछ देर बाद होमगार्ड ने फोन कर बुला लिया इसके बाद से महिला लापता है। होमगार्ड पर ही महिला को बहलाकर अपने साथ ले जाने का आरोप है। सीओ विकास जायसवाल ने बताया कि घटना संज्ञान में है और मामले की जांच की जा रही है।