हरदोई। बिलग्राम क्षेत्र के गांव तकिया इमामनगर में रविवार की शाम ग्राम पंचायत सदस्य पद के चुनाव की रंजिश में दो पक्षों में मारपीट हो गई। पुलिस ने तहरीर मिलने के बाद दोनों पक्षों की रिपोर्ट दर्ज जांच शुरू कर दी है। एसओ अनिल सक्सेना ने बताया कि पांच लोगों के खिलाफ शांतिभंग की धाराओं में कार्रवाई की गई है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम तकिया इमामनगर निवासी विकास राठौर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि विवाद के बाद गांव के ही रहमत, अशरफ, राकेश व सलमान ने उसे व उसके परिजनों को लाठी डंडों से पीटा। इसमें वह और उसके परिजन घायल हो गए। दूसरे पक्ष से रहमत अली ने पुलिस को दी गई तहरीर मेें बताया कि गांव निवासी चंदर, रवि, शमीम व सुनील ने विवाद के बाद लाठी डंडों से उसे पीटा व ईंट पत्थर चलाए। इसमें वह घायल हो गया। कोतवाल सुनील कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर दोनों पक्षों की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। गांव निवासी नईम, सलमान, अशरफ, आसिफ व सुनील कुमार के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई करते हुए उन्हें एसडीएम कोर्ट में पेश किया गया था, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। (संवाद)