हरदोई। पुलिस और आबकारी टीम ने सोमवार की रात खजुरमई तिराहे से सांडी मार्ग पर एक पिकअप से गत्तों में रखी 12 सौ शीशी टिंचर बरामद की है। चालक व अन्य लोग पिकअप छोड़ कर भाग गए। आबकारी निरीक्षक रामअवध की तहरीर पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
प्रभारी एसओ ब्रजेश कुमार ने बताया कि सोमवार की रात चौकी इंचार्ज जावेद अख्तर फोर्स के साथ गश्त पर थे। देर रात एक पिकअप से टिंचर ले जाने की सूचना मिली। इस पर पुलिस व आबकारी टीम ने लखनऊ की ओर से आ रही पिकअप का पीछा किया। खजुरमई तिराहे से सांडी जाने वाले मार्ग पर गोसवां के पास चालक व अन्य सवार पिकअप मौके पर छोड़कर फरार हो गए। बताया कि तलाशी के दौरान पिकअप से 12 सौ शीशी टिंचर बरामद किया गया। पुलिस ने बरामद टिंचर व पिकअप को कब्जे में ले लिया है। प्रभारी एसओ ब्रजेश कुमार ने बताया कि इस मामले में आबकारी निरीक्षक रामअवध सरोज की तहरीर पर तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।