हरदोई। मझिला थाना क्षेत्र के ग्राम देवरास निवासी किसान की संदिग्ध हालात में मंगलवार सुबह मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के परिजनों ने चुनावी रंजिश में जहर खिलाकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है।
ग्राम देवरास निवासी सीताराम (50) खेती करते थे। सोमवार की सुबह लगभग सात बजे वे खेत जाने के लिए निकले थे। दोपहर ही परिजनों को गांव के कुछ बच्चों ने सीताराम के गांव के बाहर बाग में बेहोश पड़े होने की जानकारी दी। इस पर परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें पिहानी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। इलाज के दौरान मंगलवार की सुबह सीताराम की मौत हो गई। अस्पताल प्रशासन की सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीताराम के पुत्र चंदन का कहना है कि पंचायत चुनाव की रंजिश में ग्राम पारा के कुछ लोगों ने उसके पिता को जहर खिलाया है। इसी के कारण उनकी मौत हुई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)