हरदोई। पुलिस और प्रशासन की सख्ती के बावजूद ग्रामीण इलाकों में मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए दावतों का दौर शुरू हो गया है। बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र में आचार संहिता का उल्लंघन करने के आरोप में दंपति के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र के ग्राम गिरधारीपुरवा निवासी कमलेश पाल जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ने के लिए दावेदार हैं। उनकी पत्नी रामबेटी पाल ग्राम प्रधान पद की दावेदार हैं। मुखबिर से पुलिस को सूचना मिली थी कि दंपति ने मतदाताओं को दावत दी है। दावत की तैयारियां चल रही थीं। इसी दौरान पुलिस टीम ने गांव में दबिश दी। पुलिस का दावा है कि गांव के बीच स्थित एक खाली भूमि में मुर्गों के अवशेष पड़े मिले और गोश्त भी मौके पर पाया गया। पुलिस को देखकर यहां मौजूद लोग भाग निकले। निरीक्षक अपराध इरशाद त्यागी ने बताया कि कमलेश पाल और उनकी पत्नी रामबेटी पाल के विरुद्ध आचार संहिता के उल्लंघन का मामला दर्ज किया गया है।