हरदोई। पुरानी रंजिश में गालीगलौज कर रहे लोगों को टोकने पर ग्रामीण को चाकू मारकर घायल कर दिया गया। घायल को जिला चिकित्सालय रेफर किया गया है। घायल के पुत्र की तहरीर पर तीन लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की गई है।
मल्लावां कोतवाली क्षेत्र के ग्राम राघौपुर निवासी सतीश ने तहरीर में बताया कि बुधवार की रात वह घर के बाहर बने गोड़े में सो रहा था। उसके पिता सोने लाल अन्य परिजनों के साथ घर में सो रहे थे। आरोप है कि रात लगभग नौ बजे पुरानी रंजिश के कारण गांव निवासी बब्बन सिंह, अजीत सिंह और बृजभान ने उसके घर पर पहुंचकर गाली गलौज शुरू कर दिया। इस पर सोनेलाल (52) ने विरोध किया तो इन लोगों ने सोनेलाल को पीटने लगे। शोर सुनकर सतीश मौके पर पहुंचा, तब तक तीनों आरोपी सोनेलाल को चाकू से कई वार कर गंभीर रूप से घायल कर चुके थे। पुलिस ने तीनों आरोपियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर सोनेलाल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मल्लावां में भर्ती कराया। यहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।