हरदोई। आवश्यक खाद्य एवं वस्तु निगम के प्रभारी के ट्रक चालक ने मारपीट की और सरकारी अभिलेख फाड़ दिए। घटना की तहरीर गोदाम प्रभारी ने मल्लावां कोतवाली में दी, तो पुलिस ने अनुसूचित जाति उत्पीड़न और सरकारी कार्य में बाधा डालने की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
लखनऊ-हरदोई मार्ग पर ज्ञानपुर तिराहा के निकट आवश्यक खाद्य एवं वस्तु निगम का ब्लाक स्तरीय गोदाम है। इसी गोदाम से कोटेदारों के कोटे तक राशन पहुंचाने की व्यवस्था रहती है। भारतीय खाद्य निगम के गोदाम से इस गोदाम तक राशन पहुंचाने के लिए भी ट्रैक्टर ट्राली और ट्रक लगे हैं। गोदाम प्रभारी जय नारायण गौतम ने बताया कि मंगलवार को गोदाम से संबद्ध एक ट्रक चालक विपिन तिवारी उर्फ डीएम बाइक से गोदाम आया और जयनारायण गौतम के साथ अभद्रता की। गोदाम प्रभारी के विरोध करने पर गाली देते हुए मारपीट करने लगा और मौके पर रखे सरकारी अभिलेखों को फाड़ दिया। प्रभारी ने घटना की जानकारी पुलिस को दी, तो आरोपी मौके पर ही बाइक छोड़कर फरार हो गया। कछौना की प्रभारी निरीक्षक हंसमती ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।