संडीला-बांगरमऊ मार्ग पर दुर्घटनाग्रस्त ट्रक। संवाद
- फोटो : HARDOI
संडीला (हरदोई)। संडीला-बांगरमऊ मार्ग पर सड़क पर आए मवेशी से बचने के प्रयास में गिट्टी भरा ट्रक अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराया। गंभीर रूप से घायल हुए चालक और हेल्पर को पुलिस ने सीएचसी संडीला पहुंचाया। यहां चालक को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि हेल्पर को लखनऊ रेफर कर दिया गया।
उन्नाव जनपद के कासिमनगर निवासी बबलू (35) ट्रक चलाता था। मंगलवार सुबह वह महोबा जनपद के कबरई से गिट्टी लादकर ट्रक को संडीला ला रहा था। संडीला-बांगरमऊ मार्ग पर ग्राम समदखेड़ा के निकट अचानक मवेशी सामने आ गया। मवेशी से बचने के प्रयास में ट्रक अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे पेड़ से टकरा गया। घटना में बबलू और हेल्पर बिट्टू (32) निवासी ग्राम बकोटी कोतवाली बिल्हौर जनपद कानपुर घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संडीला पहुंचाया। यहां चिकित्सक ने बबलू को मृत घोषित कर दिया, जबकि हेल्पर की हालत गंभीर देखते हुए लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। बबलू के परिवार में पत्नी गग्गो व तीन पुत्र हैं। कोतवाल सुरेश कुमार मिश्रा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है।