हरदोई। मवेशियों द्वारा धान की फसल खराब किए जाने से नाराज किसान ने खेत में लगे कटीले तारों में करंट प्रवाहित कर दिया। करंट की चपेट में आने से पांच मवेशियों की मौत हो गई। शुक्रवार को आस पास के किसान मौके पर एकत्र हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच की। पुलिस ने करंट लगने से मवेशियों की मौत होने की बात नकार दिया है।
थाना क्षेत्र के सिंचाई पुरवा गांव में निवासी एक किसान के खेत में धान की फसल लगी है। फसल बचाने के लिए किसान द्वारा आसपास कटीले तार लगवा रखे गए हैं। इसके बाद भी मवेशी खेत में घुसकर फसल को नुकसान पहुंचा रहे हैं। इससे नाराज होकर किसान ने खेत में लगे कटीले तारों में बिजली का तार जोड़कर उसमें करंट दौड़ा दिया। इसके चलते गुरुवार की रात खेत की ओर पहुंचे दो गाय व तीन बैलों की करंट की चपेट में आकर मर गए। शुक्रवार सुबह आसपास से गुजर रहे ग्रामीणों ने खेत के किनारे मवेशियों के शव पड़े देखे तो अन्य ग्रामीणें व पुलिस को जानकारी दी।
सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने घटना पर नाराजगी जताई है। इधर, सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। जांच के बाद पुलिस ने जेसीबी से पास ही गड्ढा खुदवाकर सभी शव दफन करा दिए। ग्रामीणों ने शवों का पोस्टमार्टम कराए बिना ही शवों पर दफनाए जाने पर नाराजगी जताई। पशु चिकित्सकों की टीम मौके पर आई, लेकिन मवेशियों के शवों के पोस्टमार्टम नहीं किए। एसओ अरविंद सिंह ने बताया कि मवेशियों के मरने की सूचना मिली थी। उनकी मौत करंट से होने की बात निराधार है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर जाकर सभी शव दफन करा दिए हैं।