हरदोई। बिल्हौर-कटरा मार्ग पर बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र में शनिवार देर शाम बाइक सवार बढ़ई को किसी वाहन ने टक्कर मार दी। हेलमेट न लगाए होने के कारण सिर में गंभीर चोटें आने से जिला अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
लोनार कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मुजाहिदपुर निवासी रविंद्र (37) बढ़ई था। शनिवार की दोपहर वह बाइक से चाची कमला को छोड़ने के लिए उसके मायके कुरसठ गया था। शनिवार देर शाम वह गांव लौट रहा था। बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र में बिल्हौर-कटरा मार्ग पर ग्राम सदरपुर के निकट किसी वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस से रविंद्र को गंभीर हालत में अस्पताल भेजा। पास मिले मोबाइल से परिजनों को घटना की जानकारी दी। कुछ देर में परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। अस्पताल में उपचार के दौरान देर रात रविंद्र ने दम तोड़ दिया। रविंद्र के परिवार में पत्नी सुधा , दो पुत्र और एक पुत्री है। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के कराया।