हरदोई। घर से बाजार जा रहे ककरहा निवासी किसान को गांव से कुछ दूरी पर ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। हादसे में घायल किसान को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद पुुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
टड़ियावां थाना क्षेत्र के ग्राम ककरहा मजरा देविया फत्तेपुर निवासी यदुनंदन (44) शनिवार की शाम पड़ोस गांव में लगने वाली बाजार से पैदल सब्जी लेने जा रहा था। रास्ते में अयारी पुल के पास पीछे से आए ट्रैक्टर ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में यदुनंदन गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे परिजनों ने उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल मेें भर्ती कराया। देर रात इलाज के दौरान यदुनंदन की मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि यदुनंदन विवाहित था, उसके तीन बेटे व एक बेटी है। वह खेती किसानी कर परिवार का पालन पोषण करता था। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।