हरदोई। बांगरमऊ-संडीला मार्ग पर बेहटा मुजाबर थाना क्षेत्र में बाइक सवार को पिकअप ने टक्कर मार दी। गंभीर हालत में बाइक सवार को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेंहदर ले जाया गया। यहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
हरदोई जनपद के कासिमपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बड़ागांव निवासी नारायण उर्फ जनादर (47) बेंहदर में स्थित एक ईंट भट्ठे पर मजदूरी करता था। बुधवार को वह परिवार में ही हो रही एक शादी का कार्ड देने के लिए अपनी बहन के गांव उन्नाव जनपद के बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के ग्राम म्योड़ी गया था। वहां से बाइक से वापस आते समय बांगरमऊ संडीला मार्ग पर उन्नाव जनपद के बेहटा मुजाबर थाना क्षेत्र में राजाखेड़ा के निकट पिकअप ने टक्कर मार दी। घटना में नारायण गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की सूचना पर एंबुलेंस से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेंहदर में भर्ती कराया गया। यहां शाम लगभग साढ़े सात बजे उसकी मौत हो गई।