हरदोई। हरदोई-लखनऊ मार्ग पर देहात कोतवाली क्षेत्र में ट्रामा सेंटर के निकट दो बाइकों आमने-सामने भिड़ंत में दो युवकों की मौत हो गई। मंगलवार को पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया। मौके पर हेलमेट नहीं मिला है।
देहात कोतवाली क्षेत्र के ग्राम नयागांव मुबारकपुर निवासी अनूप (21) सोमवार को दोपहर में लगभग दो बजे अपने बहनोई मनोज कुमार के घर नानकगंज झाला बाइक से जा रहा था। हरदोई-लखनऊ मार्ग पर ट्रामा सेंटर के निकट सामने से आ रही बाइक से अनूप की बाइक टकरा गई। घटना में अनूप और दूसरी बाइक पर सवार देश दीपक सिंह उर्फ प्रिंस (19) निवासी महोलिया शिवपार गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान ही थोड़ी देर के अंतराल पर अनूप और प्रिंस की मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। अनूप चार भाइयों में सबसे छोटा था और मजदूरी करता था। देश दीपक सिंह कक्षा दस का छात्र था और परिवार में उसके अलावा एक बहन है। वह सोमवार को होली के मौके पर बालाजी मंदिर पूजा करने जा रहा था।