हरदोई। अरवल थाना क्षेत्र में कुसुमखोर मार्ग पर सड़क किनारे बैठे किसान को तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल हुए किसान को परिजन उपचार के लिए कन्नौज ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
अरवल थाना क्षेत्र के ग्राम बरगदापुरवा निवासी अजब सिंह (50) खेती करता था। गुरुवार की शाम वह गांव के बाहर कुसुमखोर मार्ग पर सड़क किनारे बैठा हुआ था। इसी दौरान उधर से गुजर रहे तेज रफ्तार बाइक सवार ने अजब सिंह को टक्कर मार दी। अजब गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंच गए और निजी वाहन से उपचार के लिए कन्नौज ले जा रहे थे। रास्ते में अजब सिंह की मौत हो गई। घटना की जानकारी मृतक के परिजनों ने अरवल पुलिस को दी। शुक्रवार को पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के परिवार में पत्नी, एक पुत्र और तीन पुत्रियां हैं।