हरदोई। बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत कोथावां-संडीला मार्ग पर पैदल जा रहे युवक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भरावन ले गए, जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में देर रात चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला मुरऊटोला निवासी बृजेश (30) खेती करता था। परिजनों के मुताबिक बुधवार देर शाम वह किसी कार्य से संडीला मार्ग पर गया था। वापस आते समय कोथावां-संडीला मार्ग पर अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल बृजेश को राहगीरों की सूचना पर परिजनों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोथावां में भर्ती कराया, लेकिन यहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर बताते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में उसे मृत घोषित कर दिया गया। बृजेश तीन भाई-बहनों में दूसरे नंबर का था और अविवाहित था। अस्पताल प्रशासन की सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।