हरदोई। टड़ियावां थाना क्षेत्र अंतर्गत पडनी-सिरसा मार्ग पर पैदल जा रहे मजदूर को बाइक ने टक्कर मार दी। घायल मजदूर को परिजनों ने जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
टड़ियावां थाना क्षेत्र के ग्राम इमामपुर निवासी गीतराम (23) मजदूरी करता था। इन दिनों पड़ोसी गांव पडनी में रामलीला का मंचन हो रहा है। सोमवार रात गीतराम रामलीला देखने के लिए पडनी गया था। देर रात वापस अपने गांव इमामपुर पैदल ही आ रहा था। सिरसा-पडनी मार्ग पर बाइक सवार ने उसे टक्कर मार दी। पीछे रामलीला देखकर आ रहे अन्य लेागों ने उसे सड़क पर पड़ा देखा, तो परिजनों को सूचना दी। परिजनों ने गीतराम को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। जिला अस्पताल में गीतराम ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। गीतराम तीन भाइयों में सबसे छोटा था और अविवाहित था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।