जिला अस्पताल की मोर्चरी के बाहर बिलखती मृतक की मां आशा देवी व मौजूद परिजन। संवाद
- फोटो : HARDOI
हरदोई। पाली थाना क्षेत्र में बिल्हौर-कटरा मार्ग पर कन्हारी कोल्ड स्टोर के निकट ट्रक ने साइकिल सवार को रौंद दिया। परिजन उसे लेकर जिला चिकित्सालय पहुंचे, जहां मृत घोषित कर दिया गया। घटना के बाद ट्रक का टायर फट गया। मौके से पुलिस ने ट्रक और चालक को पकड़ लिया है।
पाली थाना क्षेत्र के ग्राम कन्हारी निवासी अमित सिंह (24) खेती करता था। खेत में तैयार हो रही फसलों की सिंचाई के लिए वह डीजल खरीदने मंगलवार को साइकिल से पेट्रोल पंप गया था। डीजल लेकर वापस गांव जाते समय बिल्हौर-कटरा मार्ग पर कन्हारी कोल्ड स्टोर के निकट ट्रक ने अमित को टक्कर मार दी। घटना का पता चलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए और गंभीर रूप से घायल अमित को जिला अस्पताल निजी वाहन से ले गए। जिला चिकित्सालय में अमित को मृत घोषित कर दिया गया।
घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। अमित की मां आशा देवी और पिता अशोक सिंह बदहवास हो गए। अमित अविवाहित था और दो भाइयों में छोटा था। बड़े भाई गौरव ने बताया कि घटना के बाद ट्रक का टायर फट गया। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से चालक और ट्रक को पकड़ लिया। पाली के प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार राय ने बताया कि घटना की तहरीर नहीं मिली है। तहरीर लेकर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।